केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को संसद में बजट पेश करते हुए महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार ने ‘लखपति दीदी’ योजना को आगे बढ़ाते हुए अब ‘SHE Marts’ शुरू करने का फैसला लिया है। इसका मकसद महिलाओं को सिर्फ कर्ज लेने तक सीमित न रखकर उन्हें अपना खुद का बिजनेस चलाने वाला उद्यमी बनाना है। इसके लिए सरकार नई तरह की आर्थिक मदद और बाजार भी उपलब्ध कराएगी।

जानिए क्या है SHE Marts और इसका फायदा

बजट भाषण के मुताबिक इन्हें ‘सेल्फ-हेल्प एंटरप्रेन्योर मार्ट्स’ कहा जाएगा। ये गांव या क्लस्टर स्तर पर सामुदायिक खुदरा दुकानें होंगी जिनका मालिकाना हक वहां के स्थानीय समूहों के पास होगा। इन मार्ट्स के जरिए स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा बनाए गए सामानों को एक जगह बेचा जा सकेगा। इससे महिलाओं को अपना सामान बेचने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें अपने उत्पाद का सही दाम मिल सकेगा। सरकार चाहती है कि महिलाएं अब छोटे काम से आगे बढ़कर बड़े स्तर पर व्यापार करें।

ऑनलाइन लोन और ट्रेनिंग की व्यवस्था

ग्रामीण विकास मंत्रालय ने महिलाओं को आसानी से पैसा उपलब्ध कराने के लिए एक ऑनलाइन ऋण प्रणाली तैयार की है। सरकार का जोर अब बिजनेस को बड़ा करने पर है, इसलिए बेहतर वित्तपोषण की मदद दी जाएगी। इसके अलावा SHG के उत्पादों को GeM, ONDC और eSARAS जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बेचा जाएगा। सरकार ने 50,000 सामुदायिक लोगों को बिजनेस ट्रेनिंग देने का लक्ष्य भी रखा है ताकि वे दूसरों को सिखा सकें। इसके साथ ही बजट में हर जिले में वर्किंग वीमेन और छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल बनाने की बात भी कही गई है।

Leave a comment