दिल्ली से पटना आ रही Magadh Express (ट्रेन नंबर 20802) में एक अनोखी घटना हुई है. सफर के दौरान एक महिला ने चलती ट्रेन में बच्चे को जन्म दिया. ट्रेन जैसे ही पटना जंक्शन पहुंची, रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जच्चा-बच्चा को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया. इस खुशी के मौके पर रेलवे के एक अधिकारी ने नवजात का नाम ‘बाहुबली’ रख दिया है.
यह खबर भी पढ़िये: भागलपुर में मकान मालिकों के लिए बड़ी खबर, बिना नक्शा बने घर को लेकर सम्राट अशोक भवन में आज से लगा कैंप।
आरा और बिहटा के बीच हुई घटना
22 साल की शीला देवी अपने पति इंदल के साथ दिल्ली से यात्रा कर रही थीं. वे स्लीपर क्लास में सफर कर रहे थे. आरा स्टेशन पार करने के बाद महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. दर्द बढ़ने पर बिहटा और आरा के बीच चलती ट्रेन में ही उन्होंने एक लड़के को जन्म दिया. जैसे ही ट्रेन पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची, साथ यात्रा कर रहे यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका और मदद की गुहार लगाई.
रेलवे ने दिया पूरा सहयोग और फ्री इलाज
सूचना मिलते ही डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (कमर्शियल) हिमांशु कुमार रेलवे पुलिस और स्टाफ के साथ वहां पहुंचे. उन्होंने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था की और मां-बेटे को करबिगहिया रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि दोनों पूरी तरह सुरक्षित और खतरे से बाहर हैं. रेलवे की तरफ से इलाज की सारी सुविधा मुफ्त दी गई है. इसी दौरान अधिकारी हिमांशु कुमार ने बच्चे की सेहत और स्थिति को देखते हुए उसे प्यार से ‘बाहुबली’ नाम दिया.
रेलवे के जरूरी नियम
रेलवे प्रशासन का कहना है कि अगर सफर के दौरान किसी यात्री को मेडिकल इमरजेंसी होती है, तो वे तुरंत 138 डायल कर सकते हैं या RailMadad ऐप की मदद ले सकते हैं. ट्रेन में मौजूद स्टाफ और टीटीई को भी नजदीकी स्टेशन पर मेडिकल सुविधा अरेंज करने की ट्रेनिंग दी जाती है. गर्भवती महिलाएं ट्रेन में सफर कर सकती हैं, लेकिन सलाह दी जाती है कि वे अपने डॉक्टर के कागजात और इमरजेंसी नंबर साथ रखें.






