भागलपुर नगर निगम ने शहर में जाम की समस्या को देखते हुए अब सख्त रवैया अपना लिया है। मंगलवार को अतिक्रमण शाखा ने शहर के अलग-अलग इलाकों में एक विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान जवाड़ीपुर इलाके में सड़क किनारे गलत तरीके से खड़ी दो गाड़ियों को निगम की टीम ने जब्त कर लिया। इन गाड़ियों को उठाने के लिए पुलिस लाइन से खास तौर पर हाइड्रा क्रेन मंगवाया गया था। यह कार्रवाई तिलकामांझी चौक और जीरो माइल जैसे मुख्य रास्तों पर जाम कम करने के लिए की जा रही है।

🚨: Godda-Pirpainti Rail Project: रेलवे ने खोला टेंडर, गोड्डा से महागामा तक 530 करोड़ में बिछेगी पटरी

कितना लगा जुर्माना और क्या है नियम?

निगम की टीम ने जब्त की गई दोनों गाड़ियों के मालिकों से मौके पर ही कुल 7,000 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने बताया कि प्रति वाहन 2,500 रुपये का पार्किंग फाइन लगाया गया है। इसके अलावा 2,000 रुपये अतिक्रमण शुल्क के रूप में अलग से वसूले गए।

नगर आयुक्त ने अतिक्रमण शाखा को शहर से जाम हटाने के लिए रोजाना जुर्माना वसूलने का सख्त लक्ष्य दिया है। वाहन मालिकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि अगर दोबारा सड़क पर गलत तरीके से गाड़ी खड़ी मिली, तो और भी सख्त आर्थिक दंड लगाया जाएगा और गाड़ी को लंबे समय के लिए जब्त भी किया जा सकता है।

क्यों लिया गया यह एक्शन?

अतिक्रमण शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव ने जानकारी दी कि आम लोगों से लगातार शहर में जाम लगने की शिकायतें मिल रही थीं। मुख्य सड़कों और फुटपाथ पर गाड़ियां खड़ी होने की वजह से लोगों का चलना मुश्किल हो गया था। इसी परेशानी को दूर करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।

निगम ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। नगर निगम ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग जोन में ही लगाएं ताकि उनकी गाड़ी जब्त न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।


Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment