बिहार सरकार ने इस बार के बजट में पूर्वी बिहार और कोसी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत देने का मन बनाया है। सरकार ने भागलपुर, मुंगेर और सहरसा जैसे शहरों से हवाई सफर शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विधानसभा में जानकारी दी है कि छोटे शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने पर गंभीरता से काम चल रहा है।
🗞️: Nitish Kumar Announcement: बिहार के हर प्रखंड में खुलेगा डिग्री कॉलेज, जुलाई से शुरू होगी पढ़ाई।
किन शहरों में शुरू होगी 19 सीटर विमान सेवा?
सरकार का प्लान है कि छोटे शहरों के लोग भी आसानी से कम समय में हवाई सफर कर सकें। इसके लिए भागलपुर, वीरपुर, मुंगेर और सहरसा में 19 सीटर छोटे विमान चलाने की योजना है। इसके लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने सर्वे भी पूरा कर लिया है।
- भागलपुर एयरपोर्ट के सर्वे यानी पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन पर 1.21 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
- मुंगेर और सहरसा के लिए भी जरूरी अध्ययन हो चुका है।
- नागरिक उड्डयन विभाग को इस बार बजट में कुल 698.48 करोड़ रुपये मिले हैं।
सुल्तानगंज में बनने वाले नए एयरपोर्ट का क्या है प्लान?
भागलपुर के लोगों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है। सरकार सुल्तानगंज में एक बिल्कुल नया ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाने जा रही है। इसके लिए जमीन और पैसों का हिसाब लगा लिया गया है।
इस नए एयरपोर्ट के लिए करीब 931 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। सरकार का अनुमान है कि इस काम पर लगभग 472.72 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही पुराने भागलपुर हवाई अड्डे को भी ‘उड़ान’ योजना के तहत ठीक किया जाएगा ताकि वहां से छोटे विमान आसानी से उड़ान भर सकें।
कब से शुरू होगी यह सेवा और क्या है ताजा अपडेट?
फिलहाल सरकार जमीन लेने और सर्वे कराने जैसे जरूरी कामों पर ध्यान दे रही है। फरवरी 2026 के बजट भाषणों में सरकार ने हवाई संपर्क बढ़ाने का वादा दोहराया है। अभी टिकट की कीमत या फ्लाइट शुरू होने की पक्की तारीख नहीं आई है, लेकिन बेगूसराय और गोपालगंज के बंद पड़े हवाई अड्डों को भी फिर से चालू करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।






