भागलपुर के एसएम कॉलेज की दो छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। कॉलेज की स्नेहा कुमारी और अनुष्का भारद्वाज ने नागपुर विधान भवन में आयोजित चौथी नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट 2026 में हिस्सा लिया। नागपुर से लौटने के बाद बुधवार को कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. निशा झा ने दोनों छात्राओं को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए अपने ऑफिस में बुलाकर सम्मानित किया।

ℹ️: भागलपुर बौंसी ROB: जमीन विवाद में उलझा 67 करोड़ का प्रोजेक्ट, पाइलिंग का काम ठप, जानें कब तक होगा पूरा

50 हजार छात्रों के बीच से हुआ था चयन

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में जगह बनाना आसान नहीं था। इसके लिए तीन चरणों में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। पहले चरण में देशभर के 400 विश्वविद्यालयों से करीब 50 हजार छात्रों ने भाग लिया था। इसके बाद जोनल स्तर पर 4 हजार छात्र चुने गए।

अंत में पूरे भारत से सिर्फ 200 छात्रों को नागपुर विधान भवन में बोलने का मौका मिला। एसएम कॉलेज की बीसीए विभाग की स्नेहा कुमारी और अंग्रेजी एमए विभाग की अनुष्का भारद्वाज ने इस कड़े मुकाबले में सफलता पाई। स्नेहा ने वहां प्रेजेंटेशन भी दिया।

COP 30 और पर्यावरण पर हुई गंभीर चर्चा

इस यूथ पार्लियामेंट का मुख्य विषय ‘COP 30’ था, जो ब्राजील में होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन पर आधारित है। कार्यक्रम में पेरिस समझौते के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने और वनों की कटाई रोकने पर बात हुई। साथ ही 2050 तक नेट-जीरो लक्ष्य हासिल करने जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई।

कॉलेज के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने जानकारी दी कि ऐसे आयोजन छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा के हर सत्र में पर्यावरण पर चर्चा सुनिश्चित करेंगे।


Puja Kanjani Covers Bhagalpur Local Updates and Bihar Level Important News. Ex Jagran Media and IndiaTV Journalist.

Leave a comment