भागलपुर पुलिस ने छोटी खंजरपुर स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना को महज 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक ज्वेलरी दुकानदार समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चोरों ने मंदिर से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषणों को पिघला दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसएसपी प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।
कौन-कौन हुआ गिरफ्तार और क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से आरोपियों की पहचान की। पकड़े गए आरोपियों में सचिदानंद नगर तिलकामांझी के रहने वाले छोटू कुमार उर्फ गुड्डू, सनी कुमार और चंदू कुमार शामिल हैं। इसके अलावा चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर बुधन कुमार उर्फ सोनी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से पिघला हुआ सोना-चांदी, दान पेटी और घटना में इस्तेमाल किया गया टोटो (ई-रिक्शा) जब्त कर लिया है।
अगला निशाना था शनि मंदिर
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह संगठित तरीके से काम करता है। हनुमान मंदिर के बाद उनकी योजना आकाशवाणी चौक के पास स्थित शनि मंदिर में चोरी करने की थी। पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य उस इलाके की रेकी करते हुए पकड़ा गया था। इस घटना के बाद सिटी एसपी ने छोटी खंजरपुर इलाके में पुलिस पिकेट को फिर से बहाल करने और रात में गश्त बढ़ाने का आदेश दिया है।






