भागलपुर होकर गुजरने वाली लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने लोकल ट्रेनों के पुराने रेक को हटाकर उनकी जगह अत्याधुनिक 3-फेज मेमू (MEMU) रेक लगाने का काम शुरू कर दिया है। इस बदलाव से ट्रेनों में यात्रियों के बैठने की क्षमता में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। साथ ही नई तकनीक की मदद से ट्रेनों की रफ़्तार भी बढ़ेगी जिससे यात्रा के समय में बचत होगी। इसके अलावा 1 मार्च से स्टेशन और टिकट बुकिंग से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण नियमों में भी बदलाव होने जा रहा है।

हाईटेक हुई लोकल ट्रेनें, मिलेगी मेट्रो जैसी सुविधा

मालदा डिवीजन के अधिकारियों के मुताबिक, नई मेमू ट्रेनों में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं जो पहले की लोकल ट्रेनों में नहीं थीं। इन ट्रेनों में एफआरपी (FRP) पैानलिंग, चौड़ी खिड़कियां और गद्देदार सीटें लगाई गई हैं। मोबाइल चार्ज करने के लिए सॉकेट और एलईडी लाइट्स की व्यवस्था भी की गई है। सबसे खास बात यह है कि अब मेट्रो और वंदे भारत ट्रेनों की तरह लोकल ट्रेनों में भी ‘पुश-टू-टॉक’ (Push-to-Talk) सिस्टम लगाया जा रहा है।

इस सिस्टम के तहत हर कोच में एक बॉक्स लगा होगा जिसमें बटन दबाकर यात्री आपात स्थिति में सीधे ट्रेन मैनेजर (गार्ड) से बात कर सकेंगे। यह सुविधा भागलपुर के रास्ते चलने वाली सभी लोकल ट्रेनों में शुरू की जा रही है और बाद में विक्रमशिला एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी इसे लगाने की योजना है। क्षमता की बात करें तो ड्राइविंग मोटर कोच में अब 226 और ट्रेलर कोच में 325 यात्री सफर कर सकेंगे। नई तकनीक से ट्रेन जल्दी स्पीड पकड़ेगी और ब्रेक भी जल्दी लगेगा, जिससे सफर का समय 10% तक कम हो जाएगा।

TMBU टिकट काउंटर बंद, स्टेशन पर एंट्री का नियम बदला

रेलवे ने तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के प्रशासनिक भवन में चल रहे रिजर्वेशन काउंटर को 1 मार्च 2026 से हमेशा के लिए बंद करने का फैसला लिया है। यह काउंटर पिछले 13 सालों से चल रहा था, लेकिन यहां इंटरनेट की धीमी गति और नेटवर्क की समस्या लगातार बनी हुई थी। आंकड़ों के अनुसार, यहाँ से हर दिन औसतन सिर्फ 10 से 20 टिकट ही बुक हो रहे थे, जिसके कारण इसे बंद किया जा रहा है।

इसके अलावा भागलपुर जंक्शन के दक्षिणी हिस्से (साउथ साइड) में बने रिजर्वेशन काउंटर का समय भी बदल दिया गया है। 23 फरवरी से यह काउंटर अब केवल एक शिफ्ट में सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक ही काम करेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन पर अब यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित समय से केवल 30 मिनट पहले ही प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति मिलेगी। जो यात्री जल्दी पहुंचेंगे, उनके लिए स्टेशन के पूर्वी हिस्से में एक होल्डिंग एरिया बनाने का प्रस्ताव है।

साहिबगंज-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन का नया टाइम टेबल

1 मार्च से साहिबगंज और भागलपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन के समय में भी बदलाव किया गया है। दैनिक यात्रियों को अब नए समय के अनुसार घर से निकलना होगा।

ट्रेन रूट पुराना समय नया समय (1 मार्च से)
रामपुर हाट से प्रस्थान 06:15 AM 06:10 AM
साहिबगंज आगमन 09:50 AM 09:25 AM
साहिबगंज से प्रस्थान 10:00 AM 09:30 AM
भागलपुर आगमन 12:00 PM 11:25 AM

A Local From Tilkamanjhi, Bhagalpur. I am covering Hyperlocal Bhagalpur and Bihar Important News.

Leave a comment