बिहार के किशनगंज जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. 18 महीने तक सऊदी अरब में काम करने के बाद 1 मार्च 2026 को घर लौटे एहसान रजा की उसी रात हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पत्नी शमरीन ताज ने अपने प्रेमी सिराज अंजुम के साथ मिलकर इस सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश रची. वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मुख्य आरोपी अभी भी फरार है.

हत्या की साजिश और वारदात

कोचाधामन के पुनास निवासी 34 वर्षीय एहसान रजा दोपहर में सऊदी अरब से अपने घर पहुंचे थे. उसी शाम पत्नी ने उन्हें इफ्तार के बहाने अपने मायके बुलाया. रास्ते में ही उनकी हत्या कर दी गई और शव को पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र में मल्हारा मदरसा के पास एक पुलिया के नजदीक फेंक दिया गया. घटना की जानकारी आधी रात को परिवार और पुलिस को मिली. शुरुआत में इस मामले को एक सड़क दुर्घटना दिखाने की पूरी कोशिश की गई थी.

मेडिकल जांच में खुला बड़ा राज

मृतक के पिता साबिर आलम की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की. एफएसएल टीम और मेडिकल रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि यह एक्सीडेंट नहीं बल्कि हत्या थी. सिर के पीछे चोट के निशान थे और मोटरसाइकिल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था. मामले में तब बड़ा मोड़ आया जब मेडिकल जांच में पता चला कि पत्नी शमरीन ताज दो महीने की गर्भवती है. एहसान 18 महीने से विदेश में थे, जिससे पत्नी और उसके चचेरे भाई सिराज के बीच अवैध संबंध की पूरी तरह पुष्टि हो गई.

आरोपी पत्नी जेल में, प्रेमी की तलाश जारी

रौटा थाना के एसएचओ कुमार कुणाल सौरव ने बताया कि पुलिस ने शमरीन ताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. हत्या को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी सिराज अंजुम अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी चल रही है. इस बीच कोचाधामन के विधायक मो. सरवर आलम ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिया है.


A Local From Tilkamanjhi, Bhagalpur. I am covering Hyperlocal Bhagalpur and Bihar Important News.

Leave a comment