बिहार के सुपौल और पूर्णिया जिले में आज सुबह इनकम टैक्स विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पेनोरमा ग्रुप के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े प्रतिष्ठानों पर अधिकारी जांच कर रहे हैं। करीब एक दर्जन गाड़ियों में सवार होकर टीम अलग-अलग जगहों पर पहुंची है।
📰: Pappu Yadav को 31 साल पुराने मामले में मिली बेल, व्हीलचेयर पर कोर्ट पहुंचे थे सांसद।
कहां-कहां चल रही है जांच
यह छापेमारी मुख्य रूप से सुपौल और पूर्णिया में केंद्रित है। सुपौल के छातापुर स्थित रामपुर में पेनोरमा पब्लिक स्कूल कैंपस में टीम ने डेरा डाला है। वहीं पूर्णिया में जिला स्कूल रोड स्थित मुख्य कार्यालय, ई-पेनोरमा ऑफिस और पेनोरमा हाइट्स में भी जांच चल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकारी सुबह 6 से 8 बजे के बीच पहुंचे। टीम जिन गाड़ियों से आई है, उन पर पटना और झारखंड के नंबर प्लेट लगे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस की मदद ली गई है और परिसरों को घेर लिया गया है ताकि जांच के दौरान कोई बाधा न आए।
किन दस्तावेजों को खंगाल रही टीम
सूत्रों के मुताबिक अधिकारी जमीन की खरीद और मालिकाना हक से जुड़े कागजातों की जांच कर रहे हैं। इसके अलावा वित्तीय लेन-देन और बैंक ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड भी देखे जा रहे हैं। ग्रुप के अंतर्गत चलने वाले स्कूल और अस्पतालों के संचालन रिकॉर्ड की भी पड़ताल हो रही है।
यह कार्रवाई अभी जारी है और विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह कार्रवाई इनकम टैक्स और ईडी से जुड़ी बताई जा रही है। फिलहाल किसी तरह की जब्ती या जुर्माने की राशि की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।






