आपूर्ति नहीं होने के कारण भागलपुर जिले का कई पेट्रोल पंप बंद हैं। सबौर जेपी रत्ना पेट्रोल पंप के पास डीजल और पेट्रोल दोनों नहीं है। पेट्रोल और डीजल लेने वाले उपभोक्ता परेशान हैं। पेट्रोल पंप पर आते हैं और कर्मचारियों के नहीं है के संकेत पर वापस लौट जाते हैं। हालात इतने बदतर हो गए हैं कि कई बाइक सवार पेट्रोल के अभाव में पैदल चल रहे हैं। सबौर मार्ग पर कई ट्रक डीजल के अभाव में खड़ी है।

 

हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम से आपूर्ति मांग के अनुसार नहीं हो पा रही है। पेट्रोल पंप मालिकों ने इसके लिए राशि एडवांस में जमा किया गया है। बताया गया कि सबौर पेट्रोल पंप जेपी रत्ना सहित एकचारी, सन्हौला, कहलगांव आदि सहित जिले के कई पेट्रोल पंप आपूर्ति के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। भागलपुर शहर के भी कुछ पेट्रोल पंपों में डीजल और पेट्रोल खत्‍म होने के कगार पर है।

 

पेट्रोल पंप के संचालकों ने कहा कि कंपनी द्वारा कहा जाता है कि भागलपुर सेल्स एरिया में एक दिन में सिर्फ पांच तेल गाड़ी की ही आपूर्ति की जाएगी। ऐसी परिस्थिति में अधिकतर पेट्रोल पंप ड्राई हो जा रहा है।इस संबंध में एरिया सेल्स मैनेजर मंथन पांडे ने कहा कि आपूर्ति में थोड़ी दिक्कत है, जो धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। कोई परेशानी नहीं है। जहां कमी है वहां जल्द डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति होगी।

 

वहीं देखा यह जा रहा है कि जिस पेट्रोप पंप पर डीजल और पेट्रोल है वहां काफी संख्‍या में वाहनों की कतार लगी है। डीजल और पेट्रोल लेने के दौरान नोंक-झोंक की भी सूचना है। कुछ पंप संचालकों ने कहा कि आपूर्ति कम की जा रही है। लेकिन जल्‍द ही आपूर्ति बढ़ा दी जाएगी। उन्‍होंने लोगों से अपील की है कि जितनी जरुरत हो उतनी ही पेट्रोल या डीजल खरीदें। बेवजह टंकी फूल नहीं करें।

Leave a comment